सहारनपुर में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर धरनारत शिक्षा मित्रों ने मांग नहीं माने जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
उन्होंने कहा है कि यदि प्रदेश सरकार उनके साथ नहीं आती है तो वह सरकार की ईंट से ईंट बजा देंगे। मांग नहीं माने जाने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
आदर्श समायोजित शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन की जिलाध्यक्ष अंजू कश्यप ने सरकार से अविलंब अध्यादेश लाकर शिक्षा मित्रों का भविष्य सुरक्षित करने की मांग की।
कहा कि कोर्ट के फैसले के बाद प्रतिदिन शिक्षा मित्र दिल का दौरा पड़ने से अकाल मौत का शिकार हो रहे हैं। शिक्षामित्रों का परिवार तनाव में जी रहा है।
ऐसे में सरकार को जल्द कोई रास्ता निकालना चाहिए। नौशाद अहमद, गुरदीप सिंह और तहसील अली ने कहा कि सरकार शिक्षा मित्रों के सब्र का इम्तहान न लें।
यदि उनकी मांग नहीं मानी गई तो वह उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसके लिए सरकार खुद जिम्मेदार होगी। धरना स्थल पर नरेश कुमार ने भी संबोधित किया। सभी ने हक के लिए आरपार की लड़ाई लड़ने का एलान किया है। धरने में मुख्य रूप से सुशीला त्यागी, शिव कुमार, संदीप, धर्मवीर, अमित जेहरा, मनोज, जनक सिंह, रविकांत, संगीता, शबाना, दीपा, अहसान, संजय शर्मा आदि शामिल रहे।