फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Saharanpur News: चालक ने छात्रा से की छेड़छाड़, बचाने आए ग्रामीण पर चाकू से हमला

Wed, 15 Jul 2026 12:44 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सहारनपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
बेहट। कस्बे में ट्यूशन पढ़कर लौट रही कक्षा 11 की छात्रा के साथ ऑटो चालक ने छेड़छाड़ की। उसे जबरन ऑटो की अगली सीट पर अपने पास बिठाने का प्रयास किया। छात्रा के शोर मचाने पर पीछे से बाइक पर आ रहे गांव मुर्तजापुर निवासी संजय और उनके बेटे अर्पित ने ऑटो का पीछा किया और छात्रा को बचाया। आरोप है कि इस दौरान चालक ने चाकू से संजय पर कई वार कर घायल कर दिया। बाद में भीड़ ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
विज्ञापन

छात्रा शाम करीब चार बजे कस्बे से ट्यूशन पढ़कर गांव लौट रही थी। आरोप है कि पूर्वी यमुना नहर का पुल पार करने के बाद बेहट की इंदिरा कॉलोनी निवासी दूसरे समुदाय का युवक ऑटो लेकर पहुंचा। उसने छात्रा को बैठने के लिए कहा, जिस पर छात्रा पीछे की सीट पर बैठ गई। आरोप है कि थोड़ा आगे चलने के बाद चालक ने उसे जबरन अपने साथ आगे की सीट पर बिठाने का प्रयास किया। इस पर छात्रा ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर संजय और अर्पित ने ऑटो का पीछा कर उसे रोका। इसके बाद छात्रा को छुड़ाया।
संजय का आरोप है कि ऑटो चालक ने चाकू उठाकर उनके हाथों पर वार कर दिए, जिसमें संजय घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास बागों में आम तोड़ रहे व अन्य ग्रामीण भूपेंद्र, अमन, विपिन व अक्षय आदि वहां पहुंच गए। उन्होंने आरोपी को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। घटना के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। जिला संयोजक अनुज सैनी ने सीओ व इंस्पेक्टर के सीयूजी नंबर पर कॉल रिसीव न होने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि 112 पर कॉल करने के बाद पुलिस मदद के लिए पहुंची। भीड़ भी आरोपी के पीछे कोतवाली पहुंच गई थी। छात्रा के पिता की तरफ से आरोपी को नामजद कर तहरीर दी गई है।
विज्ञापन


सोशल मीडिया पर वीडियो आया सामने
उधर, देर शाम इस घटनाक्रम की 24 सेकेंड की वीडियो भी सामने आई, जो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही है। इसमें आरोपी की पिटाई की जा रही है। वह बार-बार कह रहा है कि उसने कुछ नहीं किया। इसमें छात्रा कह रही है कि ऑटो चालक ने उसे पीछे की सीट पर बिठाया और थोड़ा आगे चलने के बाद अगली सीट पर जबरदस्ती बिठाने लगा। तभी छात्रा ने शोर मचा दिया।

यह बोले प्रत्यक्षदर्शी
वहीं, मुर्तजापुर निवासी संजय ने बताया कि उन्होंने छात्रा का शोर सुना, जिसके बाद पीछा कर ऑटो चालक के चंगुल से उसे छुड़ाया। इसी बीच आरोपी ने उन पर हमला किया। इसके बाद भीड़ ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
-
प्राथमिक जांच में आया है कि सीट को लेकर विवाद था। परिजनों की तरफ से दी गई तहरीर पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। वीडियो को भी जांच में शामिल किया गया है।
विज्ञापन


- मयंक पाठक, एसपी देहात
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें