सरसावा। शाहजहांपुर-नकुड़ रोड पर गांव कुतुबपुर के पास एक अनियंत्रित डंपर ने बाइक सवार गांव साल्हापुर निवासी प्रवीण कुमार (36) को टक्कर मार दी। हादसे में प्रवीण गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रवीण सोमवार की रात बाइक पर यमुनानगर से लौट रहा था। वह गांव कुतुबपुर से बाहर निकला तभी नकुड़ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक डंपर के नीचे घुस गई तथा प्रवीण सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। अस्पताल में प्रवीण ने दम तोड़ दिया। भाई मुकेश ने बताया कि प्रवीण खेती-बाड़ी करके गुजर-बसर कर रहा था। वह किसी काम से यमुनानगर गया हुआ था। उसके दो बच्चे हैं। बड़ा बेटा सात साल और बेटी चार साल की है। प्रवीण की पत्नी की भी लगभग तीन साल पहले मौत हो गई थी। जांच अधिकारी प्रवेश कुमार शर्मा ने बताया कि अभी तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।