नागल। गांव बडूली में शनिवार सुबह खेत में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा मिलने से अनुसूचित समाज में भारी रोष फैल गया। सूचना मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और घटना को लेकर नाराजगी जताई। पुलिस ने मौके पर पहुंच प्रतिमा को कब्जे में लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी बाबूराम कश्यप सुबह 6 बजे खेत की तरफ गए वहां उन्होंने देखा कि करीब 5 फुट ऊंची फाइबर की डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पड़ी है। उन्होंने प्रधान सुधीर त्यागी को इसकी खबर दी। यह खबर जैसे ही गांव पहुंची तो बड़ी संख्या में भीड़ खेत में जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रतिमा को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की। इस दौरान अनुसूचित समाज के लोगों ने घटना को गंभीर बताते हुए इसे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश बताया। अनुसूचित समाज के लोगों ने पुलिस को तहरीर देकर दोषियों की शीघ्र पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
-
प्रथम दृष्टया मामला किसी शरारती तत्व द्वारा गांव का माहौल खराब करने की कोशिश का प्रतीत हो रहा है। पुलिस टीम गठित कर जांच कराई जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस कृत्य में शामिल लोगों की जल्द पहचान करके उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- अभितेष सिंह, सीओ देवबंद