दरोगा ने ठग लिए साढे़ तीन लाख रुपये, रिपोर्ट दर्ज
सहारनपुर। एक व्यक्ति ने नकुड़ थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर पर 3.55 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। एसएसपी के आदेश पर सदर कोतवाली में आरोपी दरोगा के खिलाफ अमानत में खयानत की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
देवबंद क्षेत्र के ग्राम बचीटी निवासी पीड़ित आदेश कुमार त्यागी ने बताया कि सब इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह यादव 2016 में देवबंद कोतवाली क्षेत्र की खेड़ा मुगल चौकी पर तैनात थे। वहीं उसकी जान पहचान हो गई थी। बाद में यादव पुलिस लाइन आ गए। इसी दौरान 2017 में गजेंद्र ने उनसे संपर्क किया और बताया कि उसका बेटा गंभीर बीमारी से पीड़ित है तथा आईसीयू में भर्ती है। उसे रुपयों की सख्त जरूरत है। त्यागी का कहना है कि इस पर उसने 3.55 लाख रुपये यादव को दे दिए। सब इंस्पेक्टर ने शीघ्र ही पैसे लौटाने का वादा किया था। बाद में गजेंद्र की तैनाती नकुड़ थाने में हो गई। उसके कई बार मांगने पर भी सब इंस्पेक्टर ने रकम नहीं लौटाई। पीड़ित ने इस की शिकायत एसएसपी से की। एसएसपी दिनेश कुमार के आदेश पर इंस्पेक्टर के खिलाफ सदर कोतवाली में अमानत में खयानत के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वर्जन
सब इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह यादव ने पैसे लेकर नहीं लौटाए हैं। इस कारण आदेश कुमार त्यागी की तहरीर पर अमानत में खयानत की धारा 406 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।-विनीत भटनागर, एसपी सिटी