सहारनपुर। मरीज बनकर आए बदमाशों ने जनकपुरी थाना क्षेत्र में एक चिकित्सक को नर्सिंग होम में बंधक बना लिया। बदमाशों ने फोन पर अपने गैंग लीडर से बात कराई, जिसने खुद को सादर तीतरो बताते हुए चिकित्सक को धमकाया। इसके बाद बदमाश बाइक से फरार हो गए। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हो गया। चिकित्सक की तहरीर पर थाना जनकपुरी में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले जांच कर रही है।
थाना जनकपुरी क्षेत्र में एक चिकित्सक का नर्सिंग होम है। उसके ऊपर ही उनका आवास है। चिकित्सक ने थाना जनकपुरी में दर्ज कराए मामले में बताया कि मंगलवार को अपराह्न करीब डेढ़ बजे दो बदमाश मरीज बनकर उनके नर्सिंग होम पर आए और जबरन उनके कक्ष में घुस गए। इसके बाद बदमाशों ने उन्हें बंधक बनाते हुए एक तीसरे व्यक्ति से फोन पर बात कराई। फोन पर बात करने वाले ने खुद को सादर उर्फ साद निवासी तीतरो बताते हुए उन्हें धमकाना शुरू कर दिया है। फोन पर बात करने वाले व्यक्ति ने चिकित्सक से कहा कि पहले वह उसके साथी शावेज से बात कर ले और फिर दोबारा उससे बात करना। इसके बाद फोन पर बात कराने वाला बदमाश भी चिकित्सक को धमकी देते हुए वहां से अपने साथी के साथ नर्सिंग होम से निकल गया। दोनों आरोपी बाइक लेकर नर्सिंग होम के बाहर कुछ देर रुके और तीसरे साथी के आ जाने पर बाइक पर बैठकर फरार हो गए। पूरा घटनाक्रम नर्सिंग होम में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। चिकित्सक ने कैमरे की फुटेज थाना जनकपुरी पुलिस को सौंप दी और सादर एवं शावेज को नामजद करते हुए मामला दर्ज कराया।
सीओ द्वितीय मुकेश मिश्रा का कहना है कि चिकित्सक की तहरीर पर बंधक बनाने और धमकाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर बदमाशों की शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है। फोन पर बात करने वाला व्यक्ति सादर था या नहीं, इसकी गहनता से जांच की जा रही है।
- उदयपुर जेल में बंद है सादर, फिर कैसे हुई बात
सहारनपुर। बदमाशों ने फोन पर चिकित्सक की जिस बदमाश से बात कराई, उसने चिकित्सक को अपना नाम सादर बताया। सादर तीतरो के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह इन दिनों उदयपुर जेल में बंद बताया जा रहा है। अब सवाल यह उठता है कि चिकित्सक से बात करने वाला कौन है ? क्या सादर तीतरो से जेल के भीतर से ही बात कराई गई, या फिर सादर तीतरो के नाम पर किसी अन्य बदमाश ने बात की।