बिहारीगढ़। त्योहारों का असर दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर रविवार को देखने को मिला। दिनभर जाम की वजह से वाहन रेंग-रेंग कर चलते रहे। वहीं, देर शाम कस्बे में भी वाहनों की लंबी कतारें लगी गईं। इसके चलते पुलिस दिनभर व्यवस्था बनाने में जुटी रही। इसके बावजूद जाम से निजात नहीं मिल सकी।
दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर रविवार सुबह से वाहनों का आवागमन अधिक होने के कारण जाम लगना शुरू हो गया। इसकी जानकारी पाकर थाना पुलिस हरकत में आई, लेकिन देखते ही देखते डाट मंदिर से लेकर लोहे के पुल तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस हाईवे पर मोहंड से डाट मंदिर के बीच कई जगह सड़क वनवे होने के कारण जाम लगा रहा। रविवार को भी ऐसा ही हुआ। त्योहारों को बाद यह पहला रविवार था जिससे इस मार्ग पर लोगों का आवागमन अधिक हुआ। जिसके चलते लोहे के पुल से डाट मंदिर के बीच में शिवालिक पहाड़ियों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे जाम लग गया। इसके परिणामस्वरूप हाईवे पर यात्रियों को महज बीस मिनट का सफर घंटों में तय करना पड़ा। वहीं, थानाध्यक्ष मनोज चौधरी ने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल प्रभाव से पुलिस को जाम खुलवाने के लिए तैनात कर दिया था। शाम तक हालात काबू न होने के बाद करीब साढ़े चार बजे फतेहपुर से भारी वाहनों का रूट डायवर्ट करा दिया गया। इसके बाद भी जाम की स्थिति जस की तस बनी रही।