सहारनपुर। मंडलायुक्त एवी राजमौलि ने कहा कि कोरोना संबंधी किसी भी कार्य में ढिलाई न बरती जाए। कोविड प्रोटोकाल का कड़ाई से पालन कराया जाए। ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना के साथ ही चिकित्सालयों में वैकल्पिक विद्युत आपूर्ति के लिए जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। पीडियाट्रिक आईसीयू, पीडियाट्रिक वार्ड और ब्लैक फंगस एवं व्हाइट फंगस के संक्रमण से बचाव के लिए पूरी तैयारी कर ली जाए। उन्होंने अवैध एवं मिलावटी शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
सोमवार को मंडलायुक्त ने वर्चुअल बैठक में मंडल के तीनों जनपदों के जिलाधिकारियों को यह निर्देश दिए। उन्होंने आंधी के कारण लंबे समय तक बाधित हुई विद्युत आपूर्ति और सड़कों पर टूटे हुए पेड़ों को उठाने में देरी पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि गर्मी के सीजन में बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, यदि आंधी तूफान की स्थिति में कहीं पर बिजली बाधित होती है तो आपातकालीन रेस्पांस टीम तत्काल कार्रवाई कर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराएं।
ग्राम प्रधानों की अध्यक्षता में निगरानी समितियों को क्रियाशील रखा जाए। मरीजों और लक्षणयुक्त व्यक्तियों को मेडिकल किट वितरण के साथ उनकी टेस्टिंग और आइसोलेशन सुनिश्चित कराया जाए। रोज कमाने खाने वाले कार्मिकों को एक हजार रुपये की धनराशि उपलब्ध कराने के लिए सर्वे कर पोर्टल पर फीडिंग कराई जाए। कम्युनिटी किचन को निरंतर संचालित रखा जाए। गेहूूं क्रय केंद्रों के संचालन के साथ किसानों को समय से भुगतान भी कराया जाए। बरसात के मौसम से पहले ही बाढ़ से बचाव की कार्ययोजना बनाते हुए सभी कार्य पूरे कर लिए जाएं।
इस दौरान जिलाधिकारी सहारनपुर अखिलेश सिंह, मुजफ्फरनगर सेल्वा कुमार जे, शामली जसजीत कौर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर डॉक्टर एस चन्नप्पा, मुख्य विकास अधिकारी सहारनपुर प्रणय सिंह, मुजफ्फरनगर आलोक यादव, शामली शंभूनाथ तिवारी आदि मौजूद रहे।