सहारनपुर। शेखुल हिन्द मौलाना महमूद हसन मेडिकल कॉलेज पिलखनी के चिकित्सक अब वीडियो कॉल के जरिए मरीजों को देखेंगे और परामर्श देंगे। ई-संजीवनी ओपीडी के माध्यम से यह व्यवस्था की जा रही है। जब कॉलेज में ओपीडी बंद हैं। ऐसी स्थिति में ई-संजीवनी ओपीडी मरीजों के लिए फायदेमंद साबित होगी।
प्राचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी ने बताया कि कोरोना संक्रमण के चलते सरकारी अस्पताल, मेडिकल कॉलेजों में ओपीडी बंद है। ऐसे में ई-संजीवनी ओपीडी के जरिए चिकित्सक प्रतिदिन मरीजों को देखेंगे। कोई भी मरीज वीडियो कॉल के जरिए चिकित्सकों से बात कर अपनी समस्या बताएगा। इसके बाद चिकित्सक मरीज को परामर्श देंगे और दवा लिखेंगे। कोई भी मरीज सोमवार से शनिवार को सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक इस सेवा का लाभ उठा सकता है। डॉ. त्रिवेदी ने बताया कि अभी तक टेलीमेडिसिन सेवा के जरिए मरीजों को परामर्श दिया जा रहा है।