सहारनपुर। नगर निगम ने समस्त व्यापारियों व व्यापारी संगठनों से अपील की है कि वह खुद तो कोरोना से बचाव के नियमों का पालन करें ही, साथ ही बिना मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने वाले ग्राहकों को सामान न दें।
नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देश पर बृहस्पतिवार को सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम नेहरू मार्केट पहुंचे और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों व मुख्य व्यापारियों से बात की। उन्होंने दुकानदारों को सैनिटाइजर रखने, मास्क लगाने तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने और कराने को कहा। सहायक नगरायुक्त ने कहा कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सभी को अपने स्तर से सावधानी बरतते हुए बचाव के प्रयास करने होंगे, जो भी ग्राहक बिना मास्क के आता है या सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करता है उसे कतई सामान न दें। यदि किसी व्यक्ति में संक्रमण जैसे लक्षण दिखाई दे तो तुरंत उसकी जानकारी नगर निगम को दें। इस दौरान नेहरू मार्केट व्यापार मंडल के अध्यक्ष हरीश बजाज, चेयरमैन विजय शर्मा, संरक्षक संजय वाधवा, नितेश बांगा, उपाध्यक्ष राजू सेठ, प्रीतम चावला, नीरज, अमित कुमार, अशोक नरूला, माधव खुराना आदि मौजूद रहे।