सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने एक मार्च 2020 के बाद कोविड-19 के प्रभाव से या किसी अन्य कारण से माता-पिता को खो चुके 22 बच्चों से कलक्ट्रेट सभागार में मुलाकात की। वहीं, उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने ऐसे प्रत्येक बच्चे से बातचीत कर राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कोरोना महामारी में माता-पिता को खो चुके बच्चों से स्कूल की फीस, यूनिफार्म, उनके खेलकूद के विषय में जानकारी की। जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को इन सभी बच्चों की फीस माफ करने के लिए विद्यालय प्रबंधकों से वार्ता करने के निर्देश दिए। उन्होंने इन बच्चों की पारिवारिक समस्याओं, उनकी पैतृक संपत्ति, जमीन व जायदाद के मामलों के निस्तारण एवं निगरानी के लिए सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने इन बच्चों के आवास के बारे में सर्वे कर पात्रता की स्थिति में प्राथमिकता के आधार पर आवास बनवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने इन बच्चों के आयुष्मान कार्ड बनवाने तथा बीमारी की स्थिति में ख्याति प्राप्त निजी बाल रोग विशेषज्ञों से इलाज कराने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी को हर दो माह में बच्चों के साथ बैठक करने के निर्देश दिए। इन 22 बच्चों में से छह को पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना के तहत प्रत्येक बच्चे की 10 लाख रुपये की एफडी कराई गई। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत दस बच्चों को चार हजार रुपये प्रतिमाह से लाभांवित किया जा रहा है। वहीं, 12 बच्चों ढाई हजार रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं।