गंगोह में यमुना नदी पर अवैध खनन की जांच को पहुंचे डीएम अखिलेश सिंह
- फोटो : SAHARANPUR
गंगोह (सहारनपुर)। क्षेत्र में अवैध खनन की लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर मंगलवार को जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ यमुना घाट पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। डीएम ने मौके से दस वाहनों और एक जेसीबी को जब्त करके पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया।
कृषि भूमि में स्वीकृत खनन के अनुपात में अवैध खनन होने की शिकायतें लगातार जिलाधिकारी को मिल रही थी। इस पर डीएम ने जिला खान अधिकारी और पुलिस तथा राजस्व टीम के साथ नाई माजरा घाट पर छापा मारा। जहां उन्हें अवैध खनन होता मिला। जेसीबी मशीन सहित रेत भरवा रहे दस ट्रकों को पकड़कर डीएम ने पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया। डीएम ने खनिजकर्ताओं को सचेत करते हुए निर्धारित कृषि भूमि में स्वीकृत खनन अनुज्ञा क्षेत्र से ही रेत खनन करने के निर्देश दिए। डीएम ने नियमों का पालन न करने पर खान सीज करने की कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी है। डीएम की इस कार्रवाई से अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मचा रहा। डीएम अखिलेश सिंह के साथ अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रजनीश मिश्रा, एसडीएम नकुड़ अजय कुमार, जिला खान अधिकारी नवीन कुमार दास, सीओ चंद्रपाल शर्मा, कोतवाली प्रभारी जसबीर सिंह आदि रहे। एसडीएम अजय कुमार ने बताया कि मौके से पकड़े गए दस ट्रक व एक जेसीबी पुलिस की सुपुर्दगी में दे दी गई है। जुर्माना वसूली की अग्रिम कार्रवाई एडीएम वित्त एवं राजस्व द्वारा की जाएगी।