सहारनपुर। जिले में बसपा सांसद हाजी फजलुरर्हमान और उनके परिजनों के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद संक्रमित क्षेत्र के लोगों सहित संपर्क में आने वाले अन्य व्यक्तियों की रैंडम सैंपलिंग तेज कर दी गई। वहीं, शनिवार को आई रिपोर्ट में एक जिला कारागार के बंदी को भी पॉजिटिव पाया गया है। अब कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 362 हो गई है। उधर, नानौता, पुवांरका सहित अन्य क्षेत्रों में भी संक्रमित क्षेत्रों में निगरानी के साथ रैंडम सैंपलिंग कराई जा रही है।
जेल में बंद फरमान गैंगस्टर में निरुद्ध है। वह नकुड़ क्षेत्र का रहने वाला है। उसे कोरोना संक्रमित पाया गया है। फरमान 23 जून को ही जेल में आया था। उसका सैंपल 25 जून को लिया गया था। इस बंदी को कोविड अस्पताल भिजवा दिया गया है। इस रिपोर्ट के आधार पर अन्य बंदियों की निगरानी बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही उन्हें कोरोना संक्रमण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही जिले में 25 मरीजों के ठीक होने पर उन्हें छुट्टी दे दी गई है। इनमें से 12 मरीज कोविड अस्पताल फतेहपुर और बाकी राजकीय मेडिकल कालेज के कोविड अस्पताल से भेजे गए हैं। वहीं, अभी 800 से अधिक सैंपल की रिपोर्ट आना अभी की है।
ट्रूनेट मशीन का ट्रायल हुआ पूरा
सहारनपुर। जिला अस्पताल में लगाई गई ट्रूनेट मशीन का अभी तक ट्रूनेट मशीन का ट्रायल पूरा हो गया है। इसके चलते अब कोरोना सैंपलों की जांच में तेजी आ सकेगी। इस मशीन दो घंटे के अंदर ही जांच हो सकेगी। अभी तक यहां के नमूनों की जांच कराने के लिए मेरठ, नोएडा और लखनऊ सैंपल भेजने पड़ रहे थे।