अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जिला जज अश्विनी कुमार त्रिपाठी ने आगामी 14 मई को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों के संबंध में सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, एसएसपी आकाश तोमर समेत सभी प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जनपद न्यायाधीश ने अधिकारियों से कहा कि वे अधिक से अधिक राष्ट्रीय लोक अदालत का प्रचार प्रसार कराए। अधिक से अधिक प्री-लिटिगेशन वादों को राष्ट्रीय लोक अदालत में चिह्नित कर निस्तारित कराए। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से कहा कि वह शत प्रतिशत राष्ट्रीय लोक अदालत के समन, नोटिस की तामील कराने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दे। जिससे राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल बनाया जा सके। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के नोडल अधिकारी/अपर जिला जज सुभाष चंद्रा व सचिव हृषीकेश पाण्डेय ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में यदि कोई पक्षकार अपना वाद नियत कराना चाहता है तो वह संबंधित न्यायालय में अपना प्रार्थनापत्र प्रस्तुत कर वाद नियत करा सकता है।