भाजपा के जसवंत सैनी बने मंत्री
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। सूबे की योगी सरकार में जनपद को दो मंत्री मिले हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार दूसरी बार भाजपा की सरकार बनी है। जनपद से पांच भाजपा विधायकों में से देवबंद से विधायक बृजेश सिंह को राज्यमंत्री बनाया गया है। वहीं उप्र पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जसंवत सैनी का भी सियासी कद बढ़ाते हुए भाजपा हाईकमान ने उन्हें भी योगी मंत्रिमंडल में राज्यमंत्री बनाया है। योगी सरकार में जनपद से दो मंत्रियों के बनने से जिले के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जनपद में पांच सीट देवबंद, रामपुर मनिहारान, नकुड़, सहारनपुर शहर और गंगोह सीट जीती है। गत चुनाव में भाजपा ने चार सीटें जीती थीं। सहारनपुर जिले में भाजपा ने पांच सीटों पर जीत हासिल की है। जिससे माना जा रहा था कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में दूसरी बार बनने वाली भाजपा की सरकार में जिले को भी प्रतिनिधित्व मिलेगा। जिसको लेकर जिले के पांचों भाजपा विधायक मंत्री पद के लिए जोड़तोड़ में लगे थे। जिसमें देवबंद विधायक बृजेश सिंह को योगी मंत्रिमंडल में शामिल होने का मौका मिला। शुक्रवार को योगी मंत्रिमंडल में बृजेश सिंह को राज्यमंत्री बनाया गया। भाजपा हाईकमान ने जिले को दूसरी सौगात देते हुए उप्र पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जसवंत सैनी को भी राज्यमंत्री बनाया है। दोनों के राज्यमंत्री बनने पर परिजनों की खुुशी का ठिकाना नहीं है। वहीं समर्थकों में भी हर्ष है। उधर, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह सैनी का कहना है कि जिले से दो मंत्री बनने से जनपद का और अधिक विकास होगा।
राज्यमंत्री बृजेश सिंह का प्रोफाइल
पिता- डॉ. राजकुमार रावत
गांव: जड़ौदा जट, देवबंद
शिक्षा: आयुर्वेदाचार्य
उम्र: 57 वर्ष
विधायक: देवबंद विधानसभा सीट
राज्यमंत्री जसवंत सैनी
पिता: भूप सिंह सैनी
गांव: आजमपुर, रामपुर मनिहारान
शिक्षा: अधिवक्ता
उम्र: 69
पद: उप्र पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष
देवबंद के भाजपा विधायक बने मंत्री कंवर ब्रिजेश सिंह- फोटो : SAHARANPUR