सहारनपुर। फार्मर रजिस्ट्री बनवाने में किसान कम रुचि दिखा रहे हैं। इसके चलते जनपद पिछड़कर प्रदेश में 41वें स्थान पर हो गया है। जनपद में अब तक 132715 किसानों ने ही फार्मर रजिस्ट्री बनवाई है। यह स्थिति तब है जब सहारनपुर खेतीबाड़ी वाला जिला माना जाता है।
दरअसल, कृषि विभाग (एग्रीस्टेक डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर फॉर एग्रीकल्चर) योजना के तहत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री यानी डिजिटल डाटा तैयार करा रहा है। इसमें किसान, पिता का नाम, आधार कार्ड से जुड़ा मोबाइल नंबर, किसान के मालिकाना हक वाले गाटा संख्या, सह खातेदार, गाटे में उसका हिस्सा और राजस्व गांव का नाम आदि का ब्योरा आदि दर्ज किया जाएगा। इसके आधार पर किसान का एक कार्ड बनाया जाएगा। जिससे किसान विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आसानी होगी।
जनपद के 271099 किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ ले रहे हैं। शासन ने सभी लाभार्थियों के लिए फार्मर रजिस्ट्री बनवाना अनिवार्य कर दिया है। फार्मर रजिस्ट्री बनाने के लिए कृषि विभाग के कर्मचारियों के साथ ही लेखपाल आदि में जुटे हुए हैं। तमाम प्रयासों के बावजूद फार्मर रजिस्ट्री बनवाने का कार्य अपेक्षित गति नहीं पकड़ सका है।