सहारनपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष पद को लेकर नामांकन पत्र जमा करने से पहले ही बसपा में कलह खुलकर सामने आ गई और हंगामा तक हुआ। पार्टी प्रत्याशी के समर्थकों ने एक बसपा नेता के साथ हाथापाई कर दी, जिसमें उनकी कमीज तक फट गई। चर्चा रही कि बसपा नेता से मारपीट भी हुई।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए बसपा नेता नवीन खटाना अपनी मां शिमला देवी को चुनाव लड़ाने की तैयारी एक महीने से कर रहे थे। शनिवार को नामांकन पत्र जमा कराने से पहले सेक्टर 99 कॉलोनी में बसपा नेताओं के साथ मंत्रणा हुई। इसी बीच यह बात सामने आई कि पार्टी के चार सदस्य टूट गए हैं, जिस पर नवीन खटाना ने कह दिया कि पहले चारों सदस्यों को बुलाओ, तभी नामांकन दाखिल करेंगे। इसी बात पर कहासुनी हो गई। बसपा के एक नेता जब वहां से जाने लगे तो गेट के बाहर ही समर्थकों ने उन्हें रोक लिया और हाथापाई कर दी। इस हाथापाई में बसपा नेता की कमीज तक फट गई। इसके बाद बसपा सांसद हाजी फजलुर्रहमान, पूर्व विधायक जगपाल सिंह सहित अन्य बसपा नेताओं ने लोगों को समझाया और दोबारा से वार्ता की गई। इसी दौरान बसपा नेता के लिए एक नई कमीज भी मंगाई गई।
साढ़े तीन बजे पुलिस भी पहुंची
सेक्टर 99 कॉलोनी में अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे पुलिस भी पहुंची, जिसमें दो दरोगा और चार कांस्टेबल शामिल थे। इन्होंने बसपा नेता नवीन खटाना से उनके दफ्तर में ही अलग कमरे में कुछ देर वार्ता की। इस वार्ता को गोपनीय रखा गया।
मारपीट नहीं हुई, राजनीति में हो जाता है
जिस नेता के साथ सेक्टर 99 कॉलोनी में हाथापाई हुई, उनका कहना है कि राजनीति में थोड़ा बहुत विवाद होता रहता है, उनके साथ मारपीट नहीं हुई, मैं अभी कहीं व्यस्त हूं, बाद में बात करूंगा।
नवीन खटाना बसपा से निष्कासित
सहारनपुर। बसपा के देवबंद विधानसभा क्षेत्र प्रभारी नवीन खटाना को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। बसपा जिलाध्यक्ष योगेश कुमार ने बताया कि पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता में लिप्त होने के कारण पार्टी हाईकमान के निर्देश पर इन्हें निष्कासित किया गया है।