तीतरों के ग्राम धानवा में मुख्य मार्ग पर गंदे पानी से होकर गुजरते ग्रामीण। संवाद
तीतरों। गांव धानवा के मुख्य मार्ग पर घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर एकत्र होने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तीतरों के ग्राम धानवा के ग्रामीणों में संदीप पांचाल, राहुल सैनी, कंवरपाल सैनी, सोमप्रकाश सैनी, अरविंद्र प्रजापति, रामपाल सैनी, मानसिंह, बलराज सैनी आदि का आरोप है कि गांव की जल निकासी को सुचारू न कराने के कारण सड़क किनारे बसे घरों का गंदा पानी सड़क पर ही जमा हो रहा है। पूरी सड़क पर भरे गंदे पानी के कारण पैदल निकलना दूभर हो गया है। खासकर राहगीरों, स्कूली बच्चों व महिलाओं को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि ग्राम पंचायत सचिव को जल निकासी की व्यवस्था व नाली का निर्माण कराने को लेकर कई बार अवगत कराया गया परंतु सचिव के उदासीन रवैये के कारण कोई व्यवस्था नहीं हो पाई है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर सड़क की मरम्मत व जल निकासी का प्रबंध कराने की मांग की है।
उधर खंड विकास अधिकारी कौशल कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत सचिव से जानकारी करने के बाद आवश्यक दिशा निर्देश दिए जाएंगे। ग्रामीणों की समस्या का निराकरण कर जल निकासी सुचारू कराकर नाली का निर्माण कराया जाएगा।