सहारनपुर, गंगोह। गांव हमजागढ़ में बकाएदारों को नोटिस वितरित करने गई टीम पर बिजली चोरी कर रहे एक उपभोक्ता ने हमला कर दिया। टीम ने भाग कर अपनी जान बचाई। आरोप है कि विद्युत टीम के कागजात भी आरोपी ने फाड़ दिए। टीम ने एक हमलावर के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। वहीं उक्त मामले की एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
विद्युत उपकेंद्र कलसी पर नोडल के रूप में तैनात टीजी टू सचिन कुमार ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार वह गांव हमजागढ़ में लाइनमैन सचिन कुमार, सतीश कुमार, मनीष, अंकुर, आशीष व अमित कुमार आदि के साथ बकाएदार उपभोक्ताओं के पास नोटिस वितरण करने गए थे। आरोप है कि गांव निवासी तीन भाई अपने परिसर पर स्वीकृत संयोजन के अतिरिक्त एक अन्य केबिल जोड़कर विद्युत चोरी कर रहे थे।
सचिन कुमार लाइनमैन ने उनका अतिरिक्त केबिल काट दिया। इससे गुस्साया एक आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकियां देने लगा। कागजात भी फाड़ दिए। विरोध करने पर धारदार हथियार से मारने की कोशिश की। टीम ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। सीओ गंगोह मुनीशचंद ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।