हकीकत नगर धरना स्थल पर धरना प्रदर्शन करते उप्र डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के पदाधिकारी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। विभिन्न विभागों में कार्यरत डिप्लोमा इंजीनियर्स ने समस्याओं का समाधान न होने पर धरना दिया। आरोप लगाया कि लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का शासन की ओर से समाधान नहीं किया जा रहा है।
मंगलवार को हकीकतनगर स्थित रामलीला मैदान पर उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के नेतृत्व में धरना देकर विरोध जताया। मंडल अध्यक्ष प्रयोश राणा व सचिव कृष्ण कुमार सैनी ने कहा कि डिप्लोमा इंजीनियर्स आंदोलन करने के पक्षधर नहीं है, लेकिन उचित ग्रेड पे सहित डिप्लोमा इंजीनियर्स की कई मांगों को अनदेखा किया जा रहा है। इसी वजह से डिप्लोमा इंजीनियर्स अब आंदोलन करने को मजबूर हैं। शासन की ओर से सिर्फ आश्वासन दिया जाता है, लेकिन समस्याओं का निस्तारण नहीं होता है। इसको लेकर डिप्लोमा इंजीनियर्स में रोष है। उन्होंने कहा कि मांगे पूरी न हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान सुभाष चंद उपाध्याय, सचिन पंवार, विकास, उमेश चंद शर्मा, कनिष्क कुमार, पंकज मौर्य, आनंद कुमार, अनिल कुमार, सचिन जैन, पवन कुमार, देवेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।