सहारनपुर। देवोत्थान एकादशी पर भगवान विष्णु चार माह बाद आज जागेंगे। देवोत्थान से ही सहालग शुरू होगा। शहनाई गूंजेगी। इससे कारोबार में भी उछाल आने की उम्मीद है। जिले के होटल, बैंक्वेट हाल, बैंडबाजे आदि की बुकिंग लोगों ने शादी समारोहों के लिए करा ली है। वहीं, ज्वेलरी, कपड़ों आदि की भी जमकर खरीद शुरू हो गई है।
सहालग शुरू होने को लेकर उन परिवारों में उत्साह है, जो कोरोना काल में बीते वर्ष शादी समारोह सूक्ष्म कार्यक्रमों के जरिये ही संपन्न करा पाए थे। इस बार कोरोना को लेकर डर में कमी आई है, जिस कारण लोगों ने शादी समारोह धूमधाम से कराने की तैयारी कर रखी हैं।
ज्वेलरी खरीदने कर दी शुरू
अलंकार ज्वेलर्स के मालिक रजत जैन और कश्मीरी ज्वेलर्स के मालिक अंकित जैन का कहना है कि जिन घरों में शादियां होनी हैं, उन्होंने ज्वेलरी की खरीद शुरू कर दी है। काफी लोग खरीद भी चुके हैं। सहालग को लेकर बिक्री में इजाफा हुआ है। आगे और अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है।
साड़ियां और शूट का चमकेगा बाजार
रायवाला कपड़ा मार्केट के पदाधिकारी राधेश्याम नारंग का कहना है कि शादियों की तैयारी में जुटे परिवारों ने कपड़ों की खरीद शुरू कर दी है। कोरोना काल में कारोबार कम था, लेकिन त्योहारों पर अच्छा रहा। अब सहालग से भी कारोबार में उछाल होने की पूरी उम्मीद है।
बैंक्वेट हाल की हो गई बुकिंग
महाराजा बैंक्वेट हाल के संचालक करन का कहना है कि नवंबर माह के चार से पांच बुकिंग हैं। अब डर कम हुआ है, इसलिए लोग बड़े आयोजन भी करने को तैयार हो गए हैं। कोरोना काल में कारोबार चौपट हो गया था। वहीं, पंजाब होटल संचालक का भी कहना है कि सहालग अच्छा रहेगा, रविवार की भी दोनों शिफ्ट में बुकिंग हैं।
ये हैं शुभ मुहूर्त
आचार्य अमित भारद्वाज के मुताबिक 14 नवंबर को देवोत्थान एकादशी है। पांच फरवरी को वसंत पंचमी और चार मार्च को फुलैरा दौज है। शुभ विवाह के मुहूर्त 14, 15, 20, 21, 22, 28, 29, 30 नवंबर के बाद एक दिसंबर, 06 दिसंबर, 07, 08, 09, 11 और 13 दिसंबर को भी रहेगा। फिर धन की संक्रांति 15 दिसंबर को होने से खर मास आरंभ होगा, जो 14 जनवरी तक रहेगा। सूर्य के मकर राशि में आने पर 14 जनवरी को मकर संक्रांति रहेगी। इसके चलते 22, 23, 24, 25 जनवरी, फिर पांच, छह, सात, 09, 10, 18, 19, 20 फरवरी को भी शुभ मुहूर्त रहेगा। 24 फरवरी से गुरु अस्त है, जिस कारण आगे मुहूर्तों का अभाव रहेगा। गुरू के उदय होने पर शुभ मुहूर्त प्रारंभ होंगे।
आचार्य अमित भारद्घाज- फोटो : SAHARANPUR
राधेश्याम नारंग- फोटो : SAHARANPUR
करन- फोटो : SAHARANPUR
अंकित जैन- फोटो : SAHARANPUR
रजत जैन- फोटो : SAHARANPUR