शाकंभरी के दर्शनों को कतार में लगे श्रद्वालु
- फोटो : SAHARANPUR
शाकंभरी। सिद्धपीठ शाकंभरी देवी परिसर में चैत्र नवरात्र की नवमी पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने कई घंटों तक लाइन में खड़े रहकर महामाई के दर्शन कर प्रसाद चढ़ाते हुए परिवार एवं देश की सुख समृद्धि की कामना की।
रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण श्रद्धालुओं की सुबह से माता के दर्शन के लिए लाइन लगनी शुरू हो गई थी। श्रद्धालुओं में उत्साह ऐसा था कि चिलचिलाती धूप की परवाह किए बगैर अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए। बुजुर्ग, महिला व बच्चे श्रद्धालु हाथों में नारियल व चुनरी लिए मां के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। श्रद्धालुओं की लंबी लाइन सुबह 10 बजे तक शंकराचार्य आश्रम से आगे रैन बसेरे तक जा पहुंची। दोपहर दो बजे तक भी श्रद्धालुओं की लाइन शंकराचार्य आश्रम तक थी। मुख्य मंदिर के कपाट खुलने से लेकर बंद होने तक मां के जयकारे गूंजते रहे। वहीं सिद्धपीठ में रात को ठहरने वाले श्रद्धालु परिवारों ने माता का जागरण कर मां का गुणगान किया। भूरा देव पर भी भीड़ की यही स्थिति रही। शाकंभरी सहित क्षेत्र के सभी मार्गों पर माता का कीर्तन व जयकारे लगते रहे। भीड़ के चलते पुलिस ने रूट डायवर्ट कर बड़े वाहनों को नदी के रास्ते पार्किंग स्थल तक पहुंचाने की व्यवस्था कराई। संवाद