अंबेहटा। खेड़ा अफगान गांव में ट्रक के नीचे कुचलकर 12 साल के बालक की मौत हो गई। ग्रामीणों ने विरोध में मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। उन्होंने मार्ग से अतिक्रमण हटवाने की मांग की।
खेड़ा अफगान गांव निवासी नवाजिश (12) पुत्र इरशाद रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे गांव के मार्ग से साइकिल द्वारा मुख्य सड़क पर चढ़ा तो सामने से आ रहे ट्रक ने उसे कुचल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मुख्य सड़क पर हो रहे अतिक्रमण की वजह से नवाजिश ट्रक को नहीं देख पाया। मौके पर मौजूद लोग नवाजिश को तत्काल स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सड़क पर बढ़ रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए ग्रामीणों ने अंबेहटा खेड़ा अफगान मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पाकर चौकी प्रभारी शितिज कुमार मय फोर्स मौके पर पहुंचे तथा अतिक्रमण हटवाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। चौकी प्रभारी शितिज कुमार ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। परिजनों ने किसी भी तरह की कार्रवाई से इंकार किया है जिसके बाद शव को बिना पोस्टमार्टम कराए परिजनों को सौंप दिया गया। संवाद