सहारनपुर में निकाय चुनाव को लेकर सोमवार को महानगर में होने वाली डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की जनसभा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। वहीं, भाजपाइयों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी।
प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही और राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री ने कार्यकर्ताओं के साथ मैराथन बैठक की और वार्डों में जाकर जोरदार जनसंपर्क किया। छह नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद, चार नगर पालिका के चेयरमैन और नगर निगम के मेयर प्रत्याशी के समर्थन में वोट मांगने के लिए सोमवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य सहारनपुर आ रहे हैं।
वह दिल्ली रोड स्थित साउथ सिटी में जनसभा को संबोधित करेंगे। डिप्टी सीएम के कार्यक्रम को लेकर कृषि व प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही दो दिन से सहारनपुर में डेरा डाले हुए हैं।
रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, सूर्य प्रताप शाही और नगर निगम चुनाव समिति के प्रभारी विजयपाल तोमर ने दिल्ली रोड स्थित एक सभागार में पार्टी के विधायकों, अध्यक्षों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मैराथन बैठक की।
उन्होंने डिप्टी सीएम के कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। इसके बाद सूर्य प्रताप शाही और शिव प्रकाश ने साउथ सिटी पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। तत्पश्चात प्रभारी मंत्री ने नगर निगम के वार्डों में जाकर प्रत्याशियों के साथ जनसंपर्क किया।
इस दौरान सांसद राघव लखनपाल शर्मा, विधायक प्रदीप चौधरी, जिलाध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप, महानगर अध्यक्ष अमित गगनेजा, पूर्व विधायक राजीव गुंबर, लाजकृष्ण गांधी, महावीर राणा, मनोज चौधरी, सुखबीर सिंह पुंडीर, हरीश मलिक, मेला राम पंवार, राजकुमार त्यागी, मानवीर पुंडीर, सुरेंद्र शर्मा, नीरज माहेश्वरी, पदम सिंह, केएल अरोड़ा आदि रहे।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के सहारनपुर आगमन को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार और सीओ द्वितीय मुुकेश मिश्रा ने साउथ सिटी पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। डिप्टी सीएम हेलीकाप्टर से सहारनपुर आएंगे। पुलिस-प्रशासन ने हेलीपैड के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। डिप्टी सीएम का हेलीकाप्टर दोपहर 12:40 बजे से पुलिस लाइन स्थित हैलीपैड पर उतरेगा। इसके बाद चुनावी सभा में भाग लेंगे।