सहारनपुर। शुक्रवार को दिनभर मौसम का मिजाज बदलता रहा। सुबह के समय जहां घना कोहरा रहा, वहीं दोपहर को धूप, शाम को बादल और रात में चांद निकल आया। मौसम का यह बदलता मिजाज लोगों की सेहत भी बिगाड़ रहा है।
शुक्रवार की सुबह जब लोग जगे तो घना कोहरा था। देहात क्षेत्र में दृश्यता 40 मीटर तक थी, जबकि शहरी क्षेत्र में दृश्यता 100 मीटर तक रही। घने कोहरे के कारण हाइवे पर वाहन धीमी गति से चलते नजर आए। दोपहर 12 बजे के बाद धूप निकली, जिसने लोगों को सर्दी से राहत दिलाने का काम किया। उम्मीद थी कि दिनभर धूप रहेगी, लेकिन दोपहर करीब दो बजे आसमान में बादल घिर आए, जिसके बाद धूप गायब हो गई। शाम छह बजे बादल छंटे और आसमान साफ हो गया। रात में चांद निकल आया। न्यूनतम तापमान 07 और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा।
उधर, वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. अनिल वोहरा का कहना है कि बार-बार बदलता मौसम बीमारियों का कारण बनता है। लोगों को धूप निकलने पर तुरंत गर्म कपड़े नहीं उतारने चाहिएं। न ही अचानक सर्द से गर्म मौसम में और गर्म से ठंडे मौसम में जाना चाहिए। साथ ही खानपान का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए। इन दिनों ठंडी चीजों जैसे आइक्रीम, पेस्ट्री, शीतल पेय पदार्थ गला पकड़ सकते हैं, जिससे जुकाम और बुखार की शिकायत हो सकती है।
दस बजे तक छाया रहेगा कोहरा
मौसम विभाग ने शुक्रवार की रात 12 बजे के बाद जनपद में कोहरा आने का अनुमान जताया है। कोहरा शनिवार की सुबह दस बजे तक रहेगा। उसके बाद धूप निकलने की संभावना है, लेकिन हल्के बादल भी रहेंगे। शाम चार बजे के बाद आसमान साफ रहेगा।