विद्युत वितरण खंड कार्यालय पर भाकियू ने दिया धरना
बेहट। निजी नलकूपों के बिलों में गड़बड़ी के विरोध में भाकियू कार्यकर्ताओं ने अधिशासी विद्युत वितरण खंड बेहट कार्यालय का शटर बंद धरना दिया। अधिशासी अभियंता ने बिलों में खामियों को ठीक कराने के आश्वासन दिया तो भाकियू ने धरना समाप्त किया।
भाकियू कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष चौ चरण सिंह की अगुवाई में मंगलवार को विद्युत वितरण खंड कार्यालय पहुंचे और निजी नलकूपों के बिलों में गड़बड़ी की समस्या को लेकर अधिशासी अभियंता के कार्यालय का शटर डाउन कर बाहर धरने पर बैठ गए। विद्युत निगम के खिलाफ नारेबाजी की। मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र कांबोज ने कहा कि किसान अपने हितों की रक्षा के लिए आर पार की लड़ाई से भी पीछे नहीं हटेंगे। घंटों चले विरोध प्रदर्शन के दौरान अधिशासी अभियंता योगेंद्र सिंह अपने कार्यालय पहुंचे और नलकूपों के विद्युत बिलों में व्याप्त खामियों को दूर करने का आश्वासन दिया। विरोध प्रदर्शन में सुरेश चौहान, रघुबीर सिंह, सोहन वीर सिंह, अरविंद कांबोज, विजेंद्र सिंह, संजय प्रधान, राजीव, राजकुमार, शिवकुमार, रामबीर, अमन कुमार, विपिन कुमार, हरि गोपाल सिंह, सचिन आदि शामिल रहे।