नागल/सहारनपुर। कस्बा नागल में बिजली घर कॉलोनी निवासी दीपा की शादी चार मार्च को होनी थी। इन दिनों परिवार के लोग शादी की तैयारियों में लगे थे। दीपा की हत्या से शादी की खुशियां मातम बदल गईं। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वारदात को लेकर क्षेत्रवासियों में भी रोष है। लोगों की मांग है कि आरोपियों को कड़ी सजा दी जाए।
बिजलीघर कॉलोनी निवासी बॉबी कश्यप बिजली घर के मुख्य द्वार के पास रेहड़ी लगाकर छोले-चावल बेचता है। बॉबी के तीन बच्चे हैं। इनमें सबसे बड़ा पुत्र विकास है। उससे छोटी पुत्री दीपा थी और सबसे छोटी बेटी संदीपा है। दीपा की मां बबीता ने रोते-बिलखते हुए बताया कि दीपा की चार मार्च को शादी होनी थी। परिवार के लोग शादी की तैयारियां लगे थे, लेकिन उसे क्या पता था कि पुत्री का शव कफन में लिपटकर घर पहुंचेगा।
नामजद रिपोर्ट दर्ज, एक को हिरासत में लिया
इस मामले में मृतका दीपा के भाई विकास ने नागल थाने में एक युवक को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। युवक के साथी के खिलाफ अज्ञात में मामला दर्ज हुआ है। सीओ देवबंद दुुुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि अनुज निवासी गांव भूरिबांस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार में लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जल्द हत्या करने की वजह का पता लगाकर घटना का खुलासा किया जाएगा।
युवक की हरकतों से थे परेशान
दीपा की मौत से मां बबीता, भाई विकास, पिता बॉबी कश्यप, छोटी पुत्री संदीपा सहित रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। बबीता ने बताया कि उसकी पुत्री को एक युवक परेशान करता था, जिसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। सीसीटीवी फुटेज देखकर दीपा के भाई विकास ने आरोपी की शिनाख्त की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह वही युवक है, जो पहले जेल जा चुका है।
मोहल्ले में पसरा सन्नाटा
युवती की हत्या से बिजलीघर कॉलोनी में सन्नाटा पसरा है। दीपा की मौत से पड़ोसी भी दुखी हैं, जिन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। मोहल्ले वासी नरेश धीमान, अंकुर, प्रमील, चौधरी, आजाद सिंह का कहना है कि हत्या के आरोपियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
पास में है बस स्टैंड, पुलिस पिकेट भी रहती है तैनात
नागल में जिस जगह वारदात हुई है, वह अति व्यस्त इलाका है। घटनास्थल के नजदीक ही बस स्टैंड है और यहां पर पुलिस पिकेट तैनात रहती है।
मृतक युवती की मां वह भाई अस्पताल में विलाप करते- फोटो : SAHARANPUR