शहर में चाइनीज मांझे की बिक्री के बारे में दुकानदार से जानकारी लेते सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश कुमार ?
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। मकर संक्रांति पर पतंगबाजी में चाइनीज मांझे के इस्तेमाल की शिकायतों पर सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश कुमार सोनी ने पुलिस टीमों के साथ शहर की दुकानों पर निरीक्षण किया। दो दुकानदारों के पास चाइनीज मांझा बरामद हुआ, जिसे जब्त कर लिया गया। दुकानदारों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश कुमार सोनी ने नगर कोतवाली प्रभारी आरके सिंह और पुलिस टीमों के साथ नखासा बाजार, पुरानी चुंगी और शहीद गंज के पास की दुकानों का निरीक्षण किया। यहां दो बड़ी दुकानों पर जांच की गई तो काफी मात्रा में चाइनीज मांझे की चरखी बरामद हुई। सिटी मजिस्ट्रेट ने दुकानदार से पूछा कि यह मांझा क्यों बेचा जा रहा है तो उसने बताया कि यह सस्ता और मजबूत होता है। इसलिए इसकी मांग अधिक है। टीम ने बताया कि इस जानलेवा मांझे से कई बार बच्चों और अन्य लोगों की जान खतरे में पड़ चुकी है। इसलिए इसकी बिक्री नहीं होने दी जाएगी। एक अन्य दुकानदार को भी चाइनीज मांझा मिलने पर चेतावनी दी गई।
--------
150 से 200 रुपये में बेचा जा रहा था मांझा
- चाइनीज मांझा 150 से 200 रुपये प्रति चरखी के हिसाब से बेचा जा रहा था। दोपहर तक दुकानों से काफी ग्राहक इसे ले जा चुके थे। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि अन्य थाना क्षेत्रों में भी चाइनीज मांझे की जांच कराई जाएगी। इसकी बिक्री नहीं होने दी जाएगी।
----
हर साल जान खतरे में डालता है यह मांझा
- मकर संक्रांति से लेकर वसंत पंचमी तक पतंगबाजी के दौरान हर साल यह मांझा लोगों की जान खतरे में डालता है। पिछले साल भी पटेल नगर, पेपर मिल रोड, ब्रह्मपुरी और रेलवे कालोनी में चाइनीज मांझे की चपेट में आकर सात लोग घायल हुए थे। एक किशोर के जख्मी होने के बाद उसकी मौत भी हो गई थी।
------