सहारनपुर। मंडी समिति के पास नाले में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के चेहरे पर कुछ जगह चोट के निशान हैं। ऐसे में हत्या कर शव फेंकने की आशंका जताई जा रही है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। कोतवाली मंडी पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
सोमवार सुबह सम्राट विक्रम कॉलोनी निवासी लोगों ने कोतवाली मंडी पुलिस को सूचना दी कि मंडी समिति के पास नाले में एक युवक का शव पड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नाले से निकलवाया। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन युवक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक के चेहरे पर दो जगह चोट के निशान हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव फेंका गया है।
वहीं, एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना है कि शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। शुरूआती जांच में लग रहा है कि युवक नशे की हालत में नाले में गिरा है। इसी वजह उसके चेहरे पर चोट के निशान हैं। शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। सही स्थिति का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता लग पाएगा। पुलिस हर बिंदु पर जांच करने के साथ ही मृतक की शिनाख्त का प्रयास कर रही है। युवक की उम्र करीब 35 वर्ष है। वह काली जींस, काली टी शर्ट और काली शर्ट पहने हुए था।