बेटियों ने योजनाएं को पात्रों तक पहुंचाने पर दिया जोर
सहारनपुर। राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष में विभिन्न सरकारी कार्यालयों की कमान सांकेतिक रूप से एक दिन के लिए बालिकाओं को दी गई। इस दौरान बालिकाओं ने कार्यभार मिता तो सबसे पहले सरकारी योजनाओं को पात्रों तक समय से पहुंचाने का निर्देश अधिकारियों और कर्मचारियों को दिया। साथ ही ऐसी योजनाओं में पारदर्शिता लाने को कहा।
- जनसमस्याएं सुनी
जिला पूर्ति अधिकारी के पद पर सांकेतिक अधिकारी बनी आशा मॉडर्न स्कूल की कक्षा 11वीं की छात्रा पायल बजाज ने कार्यालय में जन शिकायतें सुनी। कहा कि शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाए। समस्या के निस्तारण के बारे में शिकायतकर्ता से भी पूछताछ की जाए। उन्होंने सभी पात्रों के राशन कार्ड बनवाने, डाटा फीडिंग में तेजी लाने और कार्य में पारदर्शिता लाने के निर्देश दिए।
-----
- चीनी मिल गेट का निरीक्षण किया
जिला गन्ना अधिकारी के पद पर एक दिन की सांकेतिक अधिकारी बनीं शीबा खान ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली। दोपहर में मौके का दौरा किया। उन्होंने नागल अहीर में देवेंद्र एवं पुष्पेंद्र की गन्ने की सहफसली का निरीक्षण। गागलहेड़ी चीनी मिल के गोदाम, मिल और गेट का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से एसएमएस पर्ची और गन्ना मूल्य भुगतान पर बात की। इस दौरान डीसीओ कृष्ण मोहन मणि त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
-----
- योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा कर दिए निर्देश
जिला प्रोबेशन अधिकारी का पदभार ग्रहण करने वाली सांकेतिक अधिकारी दीपा ने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। इस दौरान उसने कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। राजकीय पश्चातवर्ती देखरेख संगठन (महिला) में रहने वाली स्नातक प्रथम वर्ष की छात्रा ने कन्या सुमंगला योजना, मिशन शक्ति अभियान और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान की जानकारी ली। डीपीओ पुष्पेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
-----
- डीआईओएस का पद मिलते ही दिए निर्देश
राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की दसवीं की छात्रा ताशी गर्ग को एक दिन के लिए सांकेतिक रूप से डीआईओएस बनाया गया। डीआईओएस डॉ. अरुण कुमार दूबे ने ताशी को गुलाब का फूल देकर कुर्सी सौंपी। ताशी ने कुर्सी पर बैठने के बाद कार्यालय में कर्मचारियों से परिचय लिया। कर्मचारियों को प्रतिदिन समय से कार्यालय पहुंचने के निर्देश दिए। बालिका सुरक्षा के लिए अधिक से अधिक उपाय अपनुाने तथा शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का वेतन समय से जारी करने के भी निर्देश दिए।