सहारनपुर। सीबीआई की ओर से 1400 करोड़ रुपये की बैंक धोखाधड़ी के मामले में सोमवार को जिले में की गई छानबीन के बाद पुलिस और खुफिया विभाग की टीमें भी सतर्क हो गई हैं। टीम ने क्वालिटी लिमिटेड और उससे जुडे़ निदेशकों के ठिकानों पर पहुंचकर बैंकों में दिखाए गए दस्तावेजों के आधार पर छानबीन की है। पता चला है कि इन निदेशकों में शामिल संजय ढींगड़ा से जुड़ी पड़ताल सहारनपुर में की गई है।
क्वालिटी लिमिटेड सहित अन्य डेयरी उत्पादों से जुड़े कुछ स्थानीय सूत्रों ने बताया कि सहारनपुर देहरादून रोड पर कुछ साल पहले एक डेयरी फर्म का कारोबार शुरू किया गया था। लीज और लेनदेन से जुड़े विवादों के बीच कुछ माह पहले ही यह प्लांट बंद कर दिया गया। यह प्लांट संजय ढींगड़ा से जुड़ा बताया जा रहा है। जिले में ही उससे जुड़े एक और प्लांट की भी बात सामने आई है। संजय ढींगड़ा का दिल्ली में ही आवास बताया गया है और उनका जिले में बहुत कम आना जाना रहा है। उधर, एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि मीडिया से ही सीबीआई टीम के आने की जानकारी मिली है। टीम ने यह कार्रवाई गोपनीय स्तर पर की है। इसलिए टीम ने कहां और कितनी छानबीन की है, इसकी जानकारी नहीं है।