सहारनपुर में लॉकडाउन के दौरान शहर का भ्रमण करते डीएम एसएसपी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। साप्ताहिक लॉकडाउन के बीच मुहर्रम के मद्देनजर डीएम अखिलेश सिंह और एसएसपी डॉ. एस चनप्पा ने शहर की सड़कों पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों के भ्रमण का पता चलते ही घंटाघर चौक से लेकर अन्य जगहों पर बैरियर लगाकर अचानक सख्ती बढ़ा दी और बेवजह घूमने वालों के चालान काटे।
अधिकारियोें ने भ्रमण के दौरान देखा कि कहीं कोई जुलूस या सामूहिक प्रदर्शन तो नहीं हो रहा है। अधिकारियों ने रास्ते में पड़ने वाले थानों और चौकियों पर तैनात पुलिस टीमों को हर पल अलर्ट रहने के लिए चेताया। शहर के कलक्ट्रेट, कोर्ट रोड, पालिका बाजार, जाफर नवाज सहित आसपास के क्षेत्रों में इन अधिकारियों ने भ्रमण किया। पुराने शहर में पुलिस टीमों से पूछा कि मुहर्रम पर कहीं जुलूस या प्रदर्शन तो नहीं हो रहा है। इस दौरान एसपी सिटी विनीत भटनागर ने आला अफसरों को मुहर्रम के लिए तय शेड्यूल के बारे में जानकारी दी। इमाम बारगाह के पास डेढ़ घंटे से भी अधिक समय के लिए पुलिस अधिकारी और अन्य टीमें तैनात रहीं। यहां समूह में आने वाले कुछ लोगों और महिलाओं से सोशल डिस्टेंसिंग बनाने को कहा। एसएसपी ने बताया शहर के साथ ही जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी पुलिस टीमों को अलर्ट किया।