सहारनपुर। एसबीडी जिला अस्पताल में अर्थिंग के चलते मशीनों में करंट आने से पैथोलॉजी लैब में जांच नहीं हो पाई। मरीजों को बिना जांच कराए ही लौटना पड़ा। अस्पताल में निशुल्क होने वाली सीबीसी, थायराइड सहित अन्य जांच मरीजों को प्राइवेट लैब में करानी पड़ी।
एसबीडी जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन औसतन एक हजार से अधिक मरीज दिखाने के लिए आते हैं। गर्मी और उमस होने से वायरल बुखार, खांसी-जुकाम, डायरिया के मरीज अधिक आ रहे हैं। इनकी ओपीडी ही 300 से लेकर 400 या इससे अधिक रहती है। इसमें अधिकतर डॉक्टर मरीजों को सीबीसी व संक्रमण आदि की जांच कराते हैं। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में सोमवार दोपहर बाद अर्थिंग आने की वजह से मशीनों में करंट आया। इसके चलते मशीनें मंगलवार को भी बंद रखा गया।
कलेक्शन कक्ष में भी मरीजों के नमूने नहीं लिए गए, जो नमूने सोमवार दोपहर बाद आए थे, उनकी भी जांच नहीं हुई। पैथोलॉजी में प्रतिदिन 250 से 300 के बीच विभिन्न बीमारियों की जांच होती है। इस दौरान जांच के लिए आने वाले मरीजों को बिना जांच के अस्पताल से लौटना पड़ा। काफी मरीजों ने बाहर प्राइवेट लैब में पहुंचकर जांच कराई। इसके बाद रिपोर्ट आने पर डॉक्टर को दिखाई। वहीं, पैथोलॉजी लैब स्टाफ ने अस्पताल प्रशासन को समस्या से अवगत कराते हुए लिखित पत्र दिया।
-
अर्थिंग की समस्या को ठीक करने के लिए टीम को बुला लिया है। बुधवार तक इस समस्या को दूर कर लिया जाएगा। मरीजों की फिर से नियमित जांच शुरू हो जाएगी।
- डॉ. रविप्रकाश, प्रमुख अधीक्षक, एसबीडी जिला अस्पताल