उत्तराखंड के थाना भगवानपुर के गांव मोहनपुर माहेश्वरी चुड़ियाला निवासी 34 वर्षीय अमित कुमार पुत्र विनोद कुमार सोमवार शाम को करीब पांच बजे बुलेट मोटरसाइकिल से अपने गांव से सोनीपत ड्यूटी पर जा रहा था। बताया गया कि नागल से आगे गांव बसेड़ा पार करते ही अज्ञात वाहन ने उनकी बुलेट में टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अमित सीआरपीएफ में क्लर्क की नौकरी करता था और सोनीपत में तैनात था।
बताया गया कि सीआरपीएफ के जवान ने हेलमेट भी लगा रखा था, लेकिन टक्कर इतनी भयानक थी कि हेलमेट भी बचा नहीं पाया। अमित बीते शनिवार को ही अपनी दो जुड़वां बेटियों का जन्मदिन मनाने के लिए घर आया था। करीब आठ साल बाद उसकी पत्नी को दो जुड़वां बेटी हुई थीं। घटना की सूचना के बाद मौके पर परिजन पहुंच गए। जिनका रो-रोकर बुरा हाल था।
थाना प्रभारी निरीक्षक कुसुम भाटी ने बताया कि घटना में परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
घटना-2
सड़क दुर्घटना में व्यापारी की मौत
बागपत जनपद के दोघट में पुसार-बराल मार्ग पर सड़क सड़क दुर्घटना में व्यापारी की मौत हो गई। वह पुसार बस स्टैंड से पत्नी और बेटे को स्कूटी पर लेकर वापस लौट रहा था। पत्नी व बेटे को मामूली चोट लगी है। व्यापारी की मौत से कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। व्यापारी की मौत से परिवार गमगीन है।
दोघट कस्बा निवासी अभिषेक कुमार जैन (32) पुत्र राजेश कुमार जैन कपड़ा व्यापारी था। उसकी कस्बे के मैन बाजार में कपड़े की दुकान है। सोमवार को उसकी पत्नी शिल्पा अपने बेटे अरव को मेरठ में चिकित्सक को दिखाने ले गई थी। दोपहा बाद दोनों मेरठ से पुसार बस स्टैंड पर आ गए।
व्यापारी स्कूटी द्वारा पत्नी व बेटे को पुसार बस स्टैंड से लेकर घर वापस लौट रहा था। जब वे पुसार-बराल मार्ग पर दोघट कस्बे में सनबीम पब्लिक स्कूल के पास पहुंचे तो स्कूटी अनियंत्रित हो सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। जिसमें अभिषेक के सिर में गंभीर चोर लगी और वह बेहोश हो गया। जबकि पत्नी व बेटे को मामूली चोट आई। आनन-फानन घायल व्यापारी को बड़ौत के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को वापस कस्बे में लेकर आ गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। व्यापारी की मौत की सूचना पर कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया। मृतक का परिवार गमगीन है। घर पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक के तहेरे भाई विपिन ने दुर्घटना के संबंध में तहरीर दी है। मृतक के पिता राजेश कुमार जैन की पहले ही मौत हो चुकी है। उसका छोटा भाई वैभव जैन इंजीनियर है और नोएडा में नौकरी करता है। वह अपनी मां शोभा के साथ आगरा गया हुआ था। उसे सूचना दे दी गई है। मृतक व्यापारी के एक ही बेटा है।