गंगोह (सहारनपुर)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना के लिए एजेंटों का कोविड टेस्ट अनिवार्य करने पर ग्रामीणों की भारी भीड़ सीएचसी पहुंच गई। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि वहां पर अव्यवस्था फैल गई। स्थिति काबू में करने के लिए स्टाफ को पुलिस तक बुलानी पड़ी, जब जाकर स्थिति संभली।
रविवार को हिंदू राष्ट्रीय इंटर कालेज में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना शुरू होगी। इसके लिए तैयारी चल रही है। मतगणना केंद्र में प्रवेश के लिए प्रशासन ने 72 घंटे पहले की कोरोना जांच रिपोर्ट साथ होनी अनिवार्य कर दी है। इसके चलते बृहस्पतिवार को क्षेत्र के विभिन्न गांवों के लोगों की कोरोना जांच कराने के लिए सीएचसी में भीड़ जमा हो गई। जब भीड़ स्वास्थ्यकर्मियों से नहीं संभली तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने भी कई बार लोगों को उचित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी, लेकिन लोग फिर भी बाज नहीं आए। पुलिस ने इस दौरान सख्ती भी की।