रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। कोविड 19 महामारी को लेकर जारी की गई सरकार की गाइड लाइन का सब्जी मंडी में जमकर उल्लंघन किया जा रहा है। न तो मास्क और न ही दो गज की दूरी का पालन किया जा रहा है। इससे कोरोना संक्रमण फैलने का डर बना हुआ है।
देवबंद रोड स्थित नवीन मंडी स्थल में सुबह सवेरे सब्जी लाने व खरीदने वालों की भीड़ है। मंडी पहुंचने वाले लोगों की यह भीड़ न तो मास्क का प्रयोग कर रही है और न ही दो गज की दूरी का पालन कर रही है। खास बात यह भी है कोविड 19 गाइड लाइन को लेकर पुलिस प्रशासन बाजार व सार्वजनिक स्थानों पर मास्क न लगाने वालों से जुर्माना वसूलता है। वहीं सब्जी मंडी में मास्क न लगाने व भीड़ जुटने पर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। बता दें कि मंडी समिति में ही तहसील कार्यालय भी चल रहा है। इसी परिसर में उपजिलाधिकारी का कार्यालय भी है। इसके बाद भी मंडी में भारी भीड़ जुटने की तरफ किसी का ध्यान नहीं है। उधर, एसडीएम एसएन शर्मा ने बताया कि इस संबंध में एसओ को निर्देशित किया जा चुका है। यदि भीड़ सोशल डिस्टेंस और मास्क का प्रयोग नहीं कर रही तो कार्रवाई की जाएगी। संवाद