सहरानपुर के थाना कुतुबशेर क्षेत्र की प्रधान कालोनी 28 सितंबर की रात हुई युवती उज्मा की मौत का पुलिस ने बुधवार को पर्दाफाश कर दिया है। प्रेम प्रसंग के चलते उज्मा की उसके भाई और पिता ने ही गला दबाकर हत्या कर दी थी।
पुलिस ने भाई और पिता को गिरफ्तार कर उनका चालान किया है। मोहल्ला प्रधान कॉलोनी निवासी हफीजुर्रहमान की पुत्री उज्मा 28 सितंबर की रात को ठीक ठाक अपने कमरे में सोई थी।
29 सितंबर की सुबह उज्मा अपने बिस्तर पर मृत पड़ी हुई मिली। परिजन मामले को दबाने में लगे थे तो पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम में उज्मा की हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस के अनुसार उज्मा की रस्सी से गला घोंटकर हत्या की थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस पूछताछ में परिजनों ने अली की चुंगी निवासी एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया। लेकिन पुलिस ने जब सख्ती से एक-एक कर पूछताछ की तो मामले का पर्दाफाश हो गया। मृतका उज्मा के भाई शाजेब ने ही प्रेम प्रसंग से नाराज होकर अपनी बहन की गला घोंटकर हत्या की है।
उसकी साजिश उसके पिता हफीजुर्रहमान ने रची। पुलिस ने उज्मा के भाई शाजेब और उसके पिता हफीजुर्रहमान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कुतुबशेर थाना प्रभारी शैलेंद्र शर्मा ने बताया कि युवती का मोहल्ले के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
शाजेब को शक था कि उसकी बहन के अवैध संबंध बना लिए है। जिससे घर में कई बार उज्मा के साथ मारपीट भी की गई। 28 सितंबर को ही उसके भाई शाजेब रात में उज्मा के सोते ही उसका गला घोंट कर हत्या कर दी।