सहारनपुर के गंगोह में मंगलवार रात बेखौफ बदमाशों ने निर्माणाधीन बिजलीघर में डाका डाला। चौकीदार को बंधक बनाकर आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाश दो ड्रम विद्युत तार सहित करीब दस लाख रुपये का सामान लूट ले गए।
विरोध करने पर चौकीदार के साथ मारपीट की गई जिसमें वह घायल हो गया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है। सुपरवाइजर ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ब्लाक के गांव कलसी में दिल्ली की एम टेक्नो कंपनी द्वारा बिजलीघर का निर्माण किया जा रहा है। मंगलवार रात करीब एक बजे सात-आठ बदमाश निर्माणाधीन बिजलीघर में घुस आए।
बदमाशों ने वहां मौजूद गांव निवासी चौकीदार धीरू को गन प्वाइंट पर ले लिया और वहां रखे सामान को साथ लाए वाहन में लादने लगे। विरोध करने पर मारपीट की और उसके हाथ-पैर बांधकर एक कोने में डाल दिया।
इसके बाद बदमाश वहां रखे दो ड्रम विद्युत तार, डिस्क, इंसुलेटर, लोहे के चैनल आदि सामान साथ लाए गए वाहन में लादकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद घायल चौकीदार ने किसी तरह खुद को बंधन मुक्त किया और गांव पहुंचकर ग्रामीणों को डकैती की जानकारी दी।
ग्रामीणों ने पुलिस और कंपनी के सुपरवाइजर को सूचित किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, परंतु उनका कोई सुराग नही लग सका। घायल चौकीदार को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
कंपनी के सुपरवाइजर नोएडा निवासी प्रमुख कुमार उपाध्याय ने लूटे गए सामान की कीमत करीब दस लाख रुपये बताते हुए संबंधित तीतरों कोतवाली में तहरीर दी है।
उधर, कोतवाल देवेंद्र कुमार ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध है। जांच में सामने आया है कि पेटी चौकीदार से कुछ लेनदेन का विवाद था। पेटी चौकीदार ही अपने साथियों के साथ रात में चौकीदार के साथ मारपीट कर उक्त सामान को ले गया है।
सामान बरामद करने के लिए पुलिस टीम भेजी गई है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।