सहारनपुर के देवबंद कोतवाली पुलिस ने अदालत के आदेश पर घर में घुसकर तमंचे के बल पर युवती के साथ गैंगरेप किए जाने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला कायस्थवाड़ा निवासी एक युवती ने एसीजेएम के यहां वाद दायर कर बताया कि उसकी बहन मोहल्ले में ही ब्याही हुई है। 19 मार्च को वह अपनी बहन के यहां गई हुई थी। किसी काम से बहनोई और बहन घर से बाहर गए थे।
आरोप है कि इसी दौरान मुजफ्फरनगर के सुजडू़ निवासी शमीम उर्फ भूरा व जानसठ के कवाल निवासी शमीम अहमद वहां पहुंचे और बहनोई के बारे में पूछने लगे।
उसने जब बहनोई के बाहर जाने की बात कही तो दोनों लोग घर में घुस गए तथा बुरी नीयत से उसे दबोच लिया। आरोप है कि जब उसने इसका विरोध किया तो उक्त लोगों ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसे अपनी हवस का शिकार बनाया।
इस दौरान शोर की आवाज सुनकर आसपड़ौस के लोगों को मौके पर आता देख दोनों वहां से फरार हो गए। बुधवार को पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दोनों लोगों के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।