ट्रेनों से लेकर रोडवेज बसों में नशीली कोल्ड ड्रिंक्स, चाय और अन्य पेय पदार्थ पिलाकर यात्रियों को लूटने वाले दो शातिर जहरखुरानों को जीआरपी ने पकड़ा है। रविवार सुबह एक सूचना पर रेलवे स्टेशन से पकड़े गए जहरखुरानों से पूछताछ में पता चला कि वे कई साल से जहरखुरानी में सक्रिय हैं।
ये बदमाश और उनसे जुड़े अन्य साथी सहारनपुर के अलावा अंबाला, हरिद्वार, हल्द्वानी से लेकर जम्मू कश्मीर तक ट्रेनों और बसों में लगातार जहरखुरानी करते आ रहे हैं। इनके कब्जे से 200-200 नशीली गोलियां और दो चाकू भी बरामद किए गए हैं। जीआरपी के सब इंस्पेक्टर विवेक मलिक और सुनील कुमार की टीम ने इन शातिर जहरखुरानों को दबोचा। इनमें एक जहरखुरान बरेली के शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बंजरिया का रहने वाला अमित सिंह है, जबकि दूसरा संभल जिले के नखासा थाना क्षेत्र के रहटौल का रहने वाला सतेंद्र कुमार। जीआरपी के मुताबिक अंबाला में भी कुछ माह पहले यह जहरखुरान जेल जा चुके हैं। इसके बावजूद लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
बदमाशों ने यह भी खुलासा किया कि त्योहारों के समय पर नेपाल से आने और जाने वाले यात्रियों को भी वे बसों और ट्रेनों में खास तौर पर शिकार बनाते रहे हैं। इस बार दशहरा और दीवाली पर वे इसी तैयारी में थे। जीआरपी अब इन जहरखुरानों से जुड़े साथियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।