दबोचे गए वाहन चोर गिरोह के बदमाश।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर की तीतरो पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी की 11 मोटरसाइकिलें, फर्जी आरसी एवं तमंचे बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक देहात विद्यासागर मिश्र ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात लगभग सवा 7 बजे तीतरो पुलिस सालियर चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
चेकिंग के दौरान पुलिस को एक मोटरसाइकिल पर तीन लोग फूसगढ़ की ओर से आते हुए नजर आए। पुलिस ने उन्हें रोक कर चेकिंग की तो उनके पास से दो तमंचे बरामद हुए। पुलिस ने तुरंत उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों से पूछताछ की। पूछताछ में तीनों ने अपनो नाम सेठपाल उर्फ सेठी निवासी ग्राम धानवा, मनोज कुमार निवासी ग्राम बालू तथा अय्यूब निवासी ग्राम बालू बताया।
पुलिस ने उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से 11 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने हरियाणा, दिल्ली, गाजियाबाद एवं गौतमबुद्धनगर से बाइकें चोरी की हैं। पुलिस ने उनके पास से फर्जी आईडी और फर्जी आरसी भी बरामद की है। एसपी देहात ने बताया कि इस गिरोह का लीडर सेठपाल है।