गोवंश तस्करी के खिलाफ हंगामा करते हिंदू संगठन के कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर में गोवंश लूटकर कार में ले जा रहे तस्करों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं पर फायरिंग कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी की, जिस पर तस्कर कार छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
मंगलवार को ग्राम श्यामनगर निवासी मनीष कुमार और उनकी पत्नी कविता अपनी गाय की बछिया को लेकर जा रहा था। आरोप है कि तीन युवक कार में आए और उसके साथ मारपीट की।
उनकी बछिया को कार में लादकर भाग गए। दोनों के शोर मचाने पर हिंदू संगठन कार्यकर्ताओं विकास एवं बिट्टू ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। पीछा होते देख कार सवार तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान उन्होंने देहात कोतवाली पुलिस और डायल 100 की टीम भी मौके पर पहुंच गई। ग्राम घाना खंडी में पुलिस ने कार को घेरने का प्रयास किया। जिस पर तस्कर कार छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया और कार में से बछिया को बरामद कर लिया। उधर, हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने गौ तस्करी के विरोध में देहात कोतवाली में जमकर हंगामा किया।
कार्यकर्ताओं ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। उनकी पुलिस से भी नोकझोंक हुई। हंगामे की सूचना मिलते ही सीओ अब्दुल कादिर और निवर्तमान विधायक राजीव गुंबर मौके पर पहुंचे और लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया।