पावर कारपोरेशन के एक्सईएन का घेराव करते सपा कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
देवबंद डिवीजन के अधिशासी अभियंता जागेश कुमार ने सपा नेता पर उनके साथ कार्यालय में आकर अभद्रता करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
एक्सईएन जागेश कुमार के मुताबिक बन्हेड़ा निवासी कोल्हू मालिक शगील पुत्र बुंदू कुछ दिन पूर्व बिजली चोरी कर कोल्हू चलाता पकड़ा गया था। जिसकी अवर अभियंता शशिकांत ने कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई थी। जिस पर कोल्हू मालिक शगील पर समन शुल्क 1.60 लाख तथा 10 हजार रुपये का एसेसमेंट की पेनल्टी लगी थी।
आरोप है कि इसी मामले में शनिवार की शाम करीब पांच बजे सपा युवजन सभा के पूर्व राष्ट्रीय सचिव कार्तिकेय राणा समर्थकों के साथ उनके कार्यालय में पहुंचे तथा उन पर बिना पेनल्टी जमा कराए मामले का रफा-दफा करने का दबाव बनाने लगे।
जब उन्होंने इंकार किया तो आरोप है कि कार्तिकेय राणा ने उनसे साथ अभद्रता की और जातिसूचक शब्द तक कहे। साथ ही जान से मारने की धमकी तक दी गई। वहीं, सयुस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव कार्तिकेय राणा ने आरोप को निराधार बताया है।