सहारनपुर के देवबंद में लालबत्ती लगी गाड़ी में सवार सपा नेता ने साथियों के साथ मिलकर विद्युत निगम के संविदाकर्मी को मारपीट कर घायल कर दिया।
इससे गुस्साए कर्मचारियों ने कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन किया और तहरीर देते हुए आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। कर्मचारियों ने गिरफ्तारी न होने तक खेड़ा मुगल फीडर से जुड़े करीब आठ गांवों की विद्युत आपूर्ति को भी ठप कर दिया।
सलेमपुर गांव निवासी एक किसान पर विद्युत निगम के करीब 1 लाख 94 हजार रुपये बकाया हैं। बृहस्पतिवार को वसूली के लिए गांव में पहुंची टीम ने बकाया जमा न करने के चलते उस व्यक्ति का कनेक्शन काट दिया था।
किसान ने एक सपा नेता को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद नेता अवर अभियंता के कार्यालय पहुंचा। वहां कोई नहीं मिला। सरकड़ी गांव निवासी विद्युत निगम के संविदाकर्मी सचिन कुमार त्यागी के मुताबिक शाम करीब 5 बजकर 10 मिनट पर वह अवर अभियंता प्रताप सिंह की कार लेकर निगम के कार्य से बीरपुर उपकेंद्र पर जा रहा था।
जब वह बिलासपुर से मुख्य मार्ग पर पहुंचा तो सामने से आई कार में सवार एक सपा नेता अमित कुमार पुत्र जाहरू निवासी गांव सलेमपुर, थाना नागल ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर उसे रोक लिया और गाड़ी से उतारकर गाली गलौज करते हुए उसके साथ लाठी डंडों से मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि उसने धमकी दी अगर वह किसी के यहां बकाया वसूली करने गया तो जान से मार देंगे। बताया जाता है कि जिस गाड़ी में सपा नेता सवार था उस पर लालबत्ती लगी हुई थी।
शुक्रवार को घटना से गुस्साए निगम कर्मचारी राजू, नवीन कुमार, नौशाद, संजय, मुनफैत, अजय कुमार, मुकेश, शादीराम, रवि कुमार, किशन, सुनील और अरुण समेत दर्जनों लोग कोतवाली पहुंचे और सपा नेता के खिलाफ प्रदर्शन किया।
कर्मचारियों ने खेड़ा मुगल फीडर से जुड़े पाहुपुर, बीरपुर, तलहेड़ी, दंगेढ़ा, नागल, लाखनौर भटौल और खेड़ा मुगल की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी। अवर अभियंता प्रताप सिंह के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज होने के बाद शाम सात बजे इन गांवों की विद्युत आपूर्ति शुरू कर दी गई।
वहीं कोतवाल आरएन सिंह यादव का कहना है कि अमित और पांच अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।