शस्त्रों के साथ पकड़े गए बदमाशों के साथ पुलिस अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
सहारनपुर में लोकसभा चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट है। कोतवाली मंडी पुलिस ने आजाद कॉलोनी में छापा मारकर अवैध हथियारों की फैक्टरी का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तमंचे, देसी रिवाल्वर, बंदूक और कारतूस बरामद किए हैं।
एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि कोतवाली मंडी इंस्पेक्टर प्रेमवीर सिंह राणा के निर्देशन में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर रविवार की रात आजाद कॉलोनी में एक मकान पर छापा मारकर अवैध हथियारों की फैक्टरी को पकड़ लिया। मौके से नौशाद निवासी चांद कॉलोनी थाना कुतुबशेर और मो. साजिद पुत्र शमशाद निवासी आजाद कॉलोनी को गिरफ्तार किया। आरोपी अवैध तरीके से हथियार बनाने का कार्य कर रहे थे। इनके पास से भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं।
यह हुई बरामदगी
एसपी सिटी ने बताया कि मौके से सात तमंचे, एक देसी बंदूक, तीन देसी रिवाल्वर, 40 कारतूस, एक वेल्डिंग मशीन और हथियार बनाने के उपकरण बरामद हुए है।
तीन से चार हजार में तमंचा और 10 से 15 हजार में बेचते थे बंदूक
एसपी सिटी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह तीन वर्षों से अवैध हथियार बनाने का काम कर रहे थे। इन हथियारों को नकुड़, मिर्जापुर क्षेत्र में बेच देते थे। तमंचे को तीन से चार हजार और बंदूक 10 से 15 हजार में बेचते थे। आरोपी नौशाद को वर्ष 2015 में थाना कुतुबशेर पुलिस ने तमंचे बनाते हुए पकड़कर जेल भेजा था।