सहारनपुर में पीड़ित पिता की गुहार के बाद प्रशानिक अधिकारियों ने कब्र खुदवाकर शादाब का शव निकाला। इसके बाद दोबारा से पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पीड़ित पिता ने एसएसपी से गुहार लगाई थी।
सहारनुपर जनपद के गंगोह क्षेत्र में शादाब की मौत की गुत्थी न सुलझने पर पीड़ित पिता की गुहार के बाद पुलिस ने शनिवार को कब्र से उसका शव निकलवा कर फिर से पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विज्ञापन
नगर के मोहल्ला गुलाम औलिया निवासी शादाब उर्फ बादशाह (27 वर्ष) तीन माह पूर्व अचानक लापता हो गया था। तीन दिन बाद उसका शव मोहल्ले के बंद राइस मिल की झाड़ियों से बरामद हुआ था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।
इसके बाद शव को सपुर्दे-ए-खाक कर दिया था। तीन माह बाद भी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची। परिजन जहां इसे हत्या तो पुलिस हादसा मान कर चल रही है। पिछले दिनों मृतक के पिता व मोहल्लावासियों ने एसएसपी से मिलकर दोबारा पोस्टमार्टम की गुहार लगाई थी। इस पर डीएम ने कब्र से शव निकाल कर दोबारा पीएम कराने के आदेश दिए थे।
वहीं शनिवार को एसडीएम देवेंद्र पांडे और सीओ मौ. रिजवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कब्र से शव को निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसडीएम देवेंद्र कुमार पांडे ने बताया कि पीड़ित पिता पहले वाले पीएम से संतुष्ट नहीं थे, इसलिए शव का फिर से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।