सहारनपुर जिला अस्पताल में दवाइयों की खरीद में लाखों रुपये के घोटाले का मामला सामने आया है। फिलहाल अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जिससे संबंधित अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। इस मामले में दोषियों के विरुद्घ कार्रवाई होना तय माना जा रहा है।
जिला अस्पताल में दवाइयों के लिए 77 लाख 46 हजार रुपये का बजट पास हुआ था। लेकिन संबंधित अधिकारियों ने मनमाने तरीके से एक करोड़ से अधिक की दवाइयां खरीद ली। मामला का खुलासा होने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक ने शासन को पत्र लिखकर मामले से अवगत करा दिया है। साथ ही मामले की जांच कराने की बात कही है। शासन को पत्र भेजे जाने के बाद से दवाइयों की खरीद करने वाले अधिकारियों में बेचैनी है।
स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों की मानें तो इस बड़े घोटाले में कई चिकित्सक भी शामिल है। दोषियों के विरुद्घ कार्रवाई होना लगभग तय माना जा रहा है। उधर, सीएमएस सत्य सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।