सहारनपुर के बेहट के बाबैल बुजुर्ग गांव स्थित एसबीआई की शाखा में नकब लगाकर चोरों ने 10 लाख रुपये और करीब सात लाख रुपये की कीमत के कनेक्टिविटी बॉक्स (रूटर) चोरी कर ले गए।
चोरी किए गए कैश में 20 एवं 10 के नोट शामिल है। सूचना पर एसपी देहात के बाद एसएसपी मनोज तिवारी मौका ए वारदात पर पहुंचे और जानकारी ली। फोरेंसिक टीम और डॉग स्कवायड ने भी चोरों के संबंध में सुबूत जुटाए।
पुलिस ने शाखा प्रबंधक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाली क्षेत्र बाबैल बुजुर्ग गांव में हाईवे किनारे स्थित दिव्या सरस्वती कन्या हाईस्कूल परिसर में बनी बिल्डिंग में एसबीआई की शाखा है।
शनिवार की सुबह 7:45 बजे इसी गांव निवासी सफाई कर्मी जयवीर उर्फ जोनी सफाई कार्य करने के लिए शाखा पहुंचा। उसने जैसे ही मेन गेट का ताला खोला तो स्ट्रांग रूम, रिकार्ड रूम और शाखा प्रबंधक केबिन के लॉक टूटे पड़े देखे।
उसकी सूचना पर शाखा प्रबंधक प्रदीप कुमार बैंक पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कोतवाल निरीक्षक आरएन सिंह यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक चोर बैंक की बिल्डिंग की स्कूल परिसर के अंदर वाली दीवार में नकब लगाकर बाथरूम में पहुंचे।
इसके बाद बाथरूम का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए और छत में लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ते हुए कनेक्टिविटी कंट्रोल रूम में पहुंचकर कनेक्टिविटी बॉक्स रूटर को निकाल लिया।
इसके बाद चोर स्ट्रांग रूम तक पहुंचे और लॉक तोड़कर बीस रुपये के नोट वाला कैश निकाला। यहीं रखे 10 रुपये के नोट से भरा प्लास्टिक का बोरा भी उठा लिया। कैश की तलाश में चोरों ने पूरी शाखा खंगाली। रिकार्ड रूम के भी ताले तोड़कर कैश की तलाश की गई।
सूचना पर सीओ बेहट के साथ एसपी देहात रफीक अहमद भी तुरंत मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक टीम और डॉग स्कवायड बुला कर जांच की गई। पुलिस को नकब वाले स्थान से एक रुमाल मिला, जिसमें गांठ लगी थी।
शाखा के अंदर एक कुर्सी पर टफ्स नाम की कंपनी के जूतों के निशान मिले। शाखा प्रबंधक ने बताया कि चोरी किया गया कैश दस लाख रुपये का था, जो वह शुक्रवार की शाम छह बजे नकुड़ शाखा से लेकर आए थे।
इसके अलावा चोर छह सात लाख रुपये की कीमत का कनेक्टिविटी रूटर भी निकाल ले गए। दोपहर करीब 12 बजे एसएसपी मनोज तिवारी भी मौका ए वारदात पर पहुंचे और घटना की पूरी जानकारी लेने के बाद कोतवाली पुलिस एवं क्राइम ब्रांच टीम को घटना के खुलासे में लगाया। पुलिस ने शाखा प्रबंधक प्रदीप कुमार की तहरीर पर घटना रिपोर्ट दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।