सहारनपुर के बेहट के संसारपुर गांव में खुराफाती तत्वों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को तोड़ दिया। इससे दलित समाज के लोगों में आक्रोश पैदा हो गया। भीम आर्मी संगठन के पदाधिकारी ग्रामीणों के साथ कोतवाली पहुंचे और घटना की तहरीर दी।
बेहट कोतवाली के संसारपुर गांव के दलितों ने बुधवार की दोपहर में पेयजल परियोजना के पास स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को खंडित देखकर भीम आर्मी के पदाधिकारियों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही भीम आर्मी के पदाधिकारी संसारपुर पहुंचे और पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को घटना से अवगत कराते हुए रोष प्रकट किया। इसके बाद गांव के दलित समाज के लोग भीम आर्मी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनजीत सिंह नौटियाल की अगुवाई में देर शाम करीब 6 बजे तहसील बेहट में सीओ विष्णुचंद
गौतम से उनके कार्यालय में मिले। उन्होंने कोतवाली प्रभारी को इस मामले में सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। इसके बाद वे कोतवाली पहुंचे और ग्रामीण मुनीष कुमार की तरफ से घटना की तहरीर दी।
सीओ ने भीम आर्मी के पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि बृहस्पतिवार की सुबह दस बजे तक ससम्मान बाबा साहब की प्रतिमा को स्थापित कराए जाने के साथ ही रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन मिलने पर संगठन के लोग और ग्रामीण लौट गए।
इस दौरान डॉ. मनीष कुमार, विक्रम सिंह, अजय कर्णवाल, धर्मेंद्र मौर्य, रणवीर सिंह, सुबोध कुमार के अलावा ग्रामीण संजू, मुनीष, अमित अर्जुन, दीपू, नवीन, महीपाल सिंह, संदीप आदि रहे। उधर, कोतवाली प्रभारी आरएन सिंह यादव का कहना है, कि तहरीर मिल गई है। घटना की जांच की जा रही है।