सहारनपुर शहर के कोर्ट रोड स्थित अमृत बेकरी से लिए गए नमकीन एवं बिस्कुट के नमूने फेल पाए गए। साथ ही बेसन के लड्डू और दूध के दो नमूने भी फेल हो गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने चार लोगों के खिलाफ एडीएम ई कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराया है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अभिहीत अधिकारी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि लगभग तीन माह पूर्व खाद्य सुरक्षा की टीम ने अलग-अलग स्थानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला में भेजे थे।
जिनमें से कोर्ट रोड स्थित अमृत बेकरी से लिए गए नमकीन एवं बिस्कुट के नमूने फेल पाए गए। जिस कारण अमृत बेकरी संचालक के खिलाफ अपर जिलाधिकारी प्रशासन की न्यायालय में मुकदमा दायर कर दिया गया है।
इसके अलावा मुजफ्फरनगर के ग्राम मक्की निवासी इश्तकार द्वारा शहर में लाए जा रहे बेसन के लड्डू के नमूना भी फेल पाया गया। दूध के दो नमूने ग्राम पाली हरोड़ा निवासी अहसान और नागल निवासी सुफियान से लिए गए नमूने भी फेल पाए गए।
पांच नमूने फेल पाए जाने के मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। उधर, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने दिल्ली रोड स्थित मवीकलां के निकट स्थित दुकानों से पांच नमूने लेकर जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला के लिए भेज दिए।
बृहस्पतिवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अभिहीत अधिकारी सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम ने दिल्ली रोड स्थित मवीकलां के निकट दुकानों पर छापा मारा। टीम ने तीन दुकानों से दूध के तीन नमूने, बेसन का एक नमूना और एक नमूना रस्क का लिया।
पांचों नमूनों को सील कर जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भेज दिया। अभिहीत अधिकारी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि जांच के बाद नमूने फेल मिले तो आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।